Showing posts with label दीप्ति. Show all posts
Showing posts with label दीप्ति. Show all posts

Thursday, September 26, 2013

२६ सितम्बर

दिन २६ सितम्बर ।।

ऑफिस से जब घर लौटता हूँ और फेसबुक ओपन करता हूँ, कुछ नोटिफ़िकेशन्स हैं... उनमें से एक में, एक तस्वीर है| 'तुम्हारे' साथ की तस्वीर... 'हम सब' के साथ होने की तस्वीर..


...मैं उसकी तरफ देखता हूँ, वो किचेन में मुस्करा रही है|
फिर मैं तुम्हे देखता हूँ... तुम वहीं हो... उसी तस्वीर में... मुस्करा रही हो...

थोड़ी देर बाद बालकनी में हम हैं... तुलसी हैं, मीठी नीम है, ठंडी हवा है, बारिश की फुहारें हैं, सामने नाचता मोर है, २६ सितम्बर है और प्यार है। ...ढेर सारा प्यार।

Saturday, May 11, 2013

चंद ख्वाहिशों में लिपटे फूल…

303035_425333964229037_1430586196_nतुम्हारे प्यार से भेजे हुए पहले फूल जो अब सूख गये हैं, उनकी भीनी भीनी खुश्बू में डूबकर ये सोचती हूँ की क्या करूँ इनका..?
हमारे नये घर की बैठक में सज़ा दूँ..
या अपनी प्याज़ी रंग वाली उस साड़ी की किसी तह में दबा दूँ जो तुम्हे पसंद आई थी

या फिर इनको घोल कर इत्र बना लूँ, अपने दुपट्टे में लगा लूँ!
या पीसकर उबटन बना लूँ और गालों पे लगा लूँ!
या फिर तुम जब अबकी बार आओगे तो तुम्हारे लिए सुबह की पहली, फ्लोरल चाय बना दूँ, थोड़ी कम चीनी और ज़्यादा पत्ती वाली..!!
या इनको ढाल दूँ चन्द महकती मोमबत्तियों में, और करूँ इंतज़ार तुम्हारे ऑफिस से वापस आने का, अपने प्यारे से घर में साथ-साथ कंडिल लाइट डिनर खाने का,
या कि बगीचे की गीली मिट्टी वाले उस किनारे पर जहाँ धूप हल्की-हल्की आती है, इनको दबा दूँ और करूँ इंतज़ार नयी कोपलें फूटने का और उस पौधे में खिलने वाले पहले फूल का भी..जिसे चढ़ाएँगे उस पूजा में, जो हम सुबह उठकर साथ-साथ करेंगे, अपने नये घर में बनाए इक छोटे से मंदिर में..


और फिर सोचती हूँ की रखूं ऐसे ही इसे ज़िंदगी भर अपने पास, तुम्हारे प्यार की सौगात की तरह और महकने दूँ अपने कमरे और इस ज़िंदगी को इसी भीनी-भीनी खुश्बू से…..............................…ताउम्र !

--दीप्ति

 

 

“ये पोस्ट कुछ आइस-पाइस खेलती खुशियों के वास्ते, उस खुदा के वास्ते जो हमेशा ज़िंदगी में ’नहीं होकर भी रहा’ और इस ब्लॉग के वास्ते जिसे इसका को-राइटर मिल गया...”                       

--पंकज